उत्तराखंड में खाद की नई ई-टोकन व्यवस्था रद्द, किसानों को अब पूर्व की भांति मिलेगी खाद: कृषि मंत्री गणेश जोशी

उत्तराखंड में खाद की नई ई-टोकन व्यवस्था रद्द, किसानों को अब पूर्व की भांति मिलेगी खाद: कृषि मंत्री गणेश जोशी
Share

देहरादून-प्रदेश में खाद बिक्री की नई ई-टोकन व्यवस्था (FFS-Fertilizer Framework) से किसानों को हो रही परेशानियों को देखते हुए कृषि मंत्री गणेश जोशी के प्रयास रंग लाया है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तराखंड में नई ई-टोकन व्यवस्था को रद्द करने के आग्रह को स्वीकार कर लिया है। अब प्रदेश के किसान पुरानी व्यवस्था के तहत पूर्व की भांति उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे। इस संबंध में भारत सरकार द्वारा शीघ्र ही आधिकारिक पत्र भी जारी किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि नई ई-टोकन व्यवस्था लागू होने के बाद प्रदेश के किसानों को खाद प्राप्त करने में आ रही दिक्कतों का कृषि मंत्री गणेश जोशी ने तत्काल संज्ञान लिया था। रबी फसलों की बुवाई के महत्वपूर्ण समय को देखते हुए उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से दूरभाष पर वार्ता करने के साथ ही पत्र भेजकर उत्तराखंड में नई ई-टोकन व्यवस्था में शिथिलता प्रदान करने तथा किसानों को पूर्व की भांति पुरानी व्यवस्था के तहत उर्वरक उपलब्ध कराने का आग्रह किया था।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा उनके आग्रह को स्वीकार किए जाने पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है। किसानों को खेती-किसानी के कार्यों में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले विधायक कालाढूंगी बंशीधर भगत और पंतनगर में किसान संगठनों के पदाधिकारियों के साथ कृषि मंत्री गणेश जोशी से मुलाकात कर नई ई-टोकन व्यवस्था के कारण किसानों को हो रही समस्याओं से अवगत कराया था और इस प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया था। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से विषय उठाया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।