देहरादून-कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज गुनियाल गांव में आगामी पंचायती चुनावों के मद्देनज़र चन्द्रोटी जिला पंचायत क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी रणनीति को लेकर बैठक की। बैठक के दौरान मंत्री जोशी ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए उन्हें चुनाव की तैयारियों में पूरी निष्ठा और समर्पण से जुट जाने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री जोशी ने कहा कि भाजपा की ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं, जो हर परिस्थिति में पार्टी की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाएं और आम जनमानस से संपर्क बढ़ाकर पार्टी के पक्ष में माहौल तैयार करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि ग्राम स्तर तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर कई वरिष्ठ कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
बैठक में क्षेत्रीय मुद्दों, जनसंपर्क अभियान और संभावित उम्मीदवारों को लेकर भी चर्चा हुई। मंत्री जोशी ने अंत में सभी कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव के लिए शुभकामनाएं दी और संगठनात्मक मजबूती पर विशेष बल दिया।
